सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नदिया हिंदू में 10वीं और 12वीं की प्रथम प्री बोर्ड परीक्षा शुरू निरीक्षण में पहुंचीं जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। सीबीएसई बोर्ड से संचालित डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, नदिया हिंदू में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रथम प्री बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो गई। परीक्षा के पहले दिन जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास, चंद्र मौलेश्वर और फील्ड मैनेजर आकाश कुमार ने विद्यालय पहुंचकर परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा की व्यवस्था, उपस्थिति तथा अनुशासन की विस्तृत जानकारी ली।
ज्ञात हो कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा योजना का हिस्सा है। प्री बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं हर वर्ष झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे परीक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य निश्छल मिंज ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी होती है। इससे वे फरवरी में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा से पहले अपनी तैयारी का मूल्यांकन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि प्री बोर्ड से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और बोर्ड परीक्षा को लेकर मन में बना हुआ भय भी दूर हो जाता है।
