समाहरणालय के सामने ओपन जिम बदहाल, टूटे उपकरण और फटे मैट से बढ़ा हादसे का खतरा
By Team orangehindi

लोहरदगा | नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय रखने के उद्देश्य से जिला समाहरणालय के सामने मैदान में शुरू किया गया ओपन जिम अब नगर पालिका की अनदेखी का शिकार होकर बदहाल हो चुका है। कभी सुबह और शाम बच्चों, युवाओं तथा बुजुर्गों की आवाजाही से गुलजार रहने वाले इस जिम में अब अधिकांश उपकरण टूटे पड़े हैं। स्थिति ऐसी है कि लोग यहां कसरत करने से भी परहेज कर रहे हैं।
लगभग एक वर्ष पहले नियमित रूप से कसरत करने वाले स्थानीय युवाओं ने पहल करते हुए अपने निजी खर्च से जिम के उपकरणों की मरम्मत कराई थी। इससे कुछ समय के लिए व्यवस्था पटरी पर आई, लेकिन नियमित रखरखाव के अभाव में उपकरण दोबारा खराब हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा के रूप में स्थापित इस जिम के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय को गंभीरता से निभानी चाहिए।
जर्जर उपकरणों के साथ फटे मैट भी बढ़ा रहे परेशानी
जिम में सुरक्षा के लिए बिछाए गए मैट जगह-जगह से फट चुके हैं। ऐसे में व्यायाम के दौरान लोगों के फिसलने या चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, कई उपकरणों की स्थिति इतनी खराब है कि उनका इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं माना जा सकता।
घेराबंदी नहीं होने से मवेशियों का जमावड़ा
ओपन जिम परिसर में पर्याप्त घेराबंदी या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण आवारा मवेशियों और अन्य जानवरों का जमावड़ा भी लगा रहता है। इससे जिम की साफ-सफाई और उपयोगिता दोनों प्रभावित हो रही हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि यह स्थल जिला समाहरणालय के ठीक सामने है, फिर भी लंबे समय से इसकी बदहाली दूर करने की दिशा में प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों ने की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन से जिम की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खराब उपकरणों को हटाकर नए उपकरण लगाए जाएं, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित मैट बिछाए जाएं तथा परिसर की घेराबंदी कर नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे सार्वजनिक धन से तैयार सुविधा का उद्देश्य पूरा होने के साथ लोगों को सुरक्षित तरीके से व्यायाम की सुविधा मिल सकेगी।,













