प्राथमिकता के आधार पर आवश्यकता पूरी कर समस्या का समाधान किया जाएगा : डॉ. रामेश्वर उराँव
By Team Lohardaga live

विधायक ने गुड़गामा गांव का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और तत्काल की कार्रवाई

लोहरदगा। पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक एवं आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति के सभापति डॉ. रामेश्वर उराँव ने बुधवार को लोहरदगा प्रखंड के गुड़गामा गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने आवेदन पत्र के माध्यम से विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। डॉ. उराँव ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से तुरंत बातचीत कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
डॉ. उराँव ने कहा कि झारखंड सरकार जनता के कल्याण के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत 18 से 29 नवंबर तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी “मइया सम्मान योजना” के लिए एक और अवसर दिया गया है। जो महिलाएं पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं, वे अब 18 नवंबर 2025 से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकती हैं। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का एक बड़ा कदम है।
डॉ. उराँव ने यह भी बताया कि “बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना” के तहत अब लाभुकों को दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिससे ग्रामीणों को आवास निर्माण में बड़ी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जयसवाल, शामूल अंसारी, लोहरदगा प्रमुख सुनीता कच्छप, मुखिया लक्ष्मी उराँव, युवा अध्यक्ष विशाल डुंगडुंग, यूनुस अंसारी, अनिश अहमद, एनुल अंसारी, नुसरत अंसारी, असलम अंसारी, कमरुल इस्लाम, विरेंदर उराँव, अरशद अयूब, रामभंडारी उराँव, ज़फ़र इमाम, नकुल उराँव, मोज़ाहिर अंसारी, वारिस अंसारी, संजू तुरी, अमजद अंसारी, समसुदीन अंसारी, सिराज अंसारी, इन्दरदीप तिग्गा, मीना उराँव, कृष्णा उराँव, शांति उराँव, बिलाशी उराँव, गुजा उराँव, मंगरी उराँव और यासिन अंसारी सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।
