Orange hindi lohardaga live

जिलेवासी आपसी सहयोग व भाईचारे के साथ रहें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें : सादिक अनवर रिज़वी, पुलिस अधीक्षक

By Team Lohardaga live

Administrative
शांति समिति की बैठक में उपस्थित अधिकारी व प्रबुद्धजन

लोहरदगा। कुडु प्रखंड के उरूमुरु गांव में आज घटित घटना के आलोक में प्रशासन की पहल पर दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घटना की निष्पक्ष जांच के लिए दोनों समुदायों की सहमति से एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही दोनों समुदायों द्वारा भविष्य में जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाने पर भी सहमति बनी। घटना से संबंधित दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराने पर भी दोनों पक्ष सहमत हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में जो भी असामाजिक तत्व संलिप्त पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में समाज के प्रबुद्धजनों के साथ शांति समिति की बैठक की गई। बैठक में सभी ने एक स्वर में आपसी सहयोग, सौहार्द और भाईचारे के साथ रहने का संकल्प लिया।

घटना में घायल व्यक्तियों का इलाज सदर अस्पताल लोहरदगा में वरीय चिकित्सकों की देखरेख में किया जा रहा है।

जिला प्रशासन जिले के सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्राप्त किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के किसी भी संदेश को आगे प्रसारित न करें। किसी भी सूचना की पुष्टि के लिए जिला प्रशासन से सीधे संपर्क स्थापित किया जा सकता है।

जिले के नागरिक सजग एवं जिम्मेदार नागरिक होने के नाते समाज में शांति, सौहार्द और अमन-चैन बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन जनहित में सदैव तत्पर है।