इंटरनेट के बेहतर उपयोग से ही मिलेगा सही मार्ग, आईसीटी पुरस्कार समारोह में उपायुक्त ने दी जागरूकता की सीख
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय नदिया हिंदू, लोहरदगा के बहुउद्देशीय भवन में बुधवार को सितंबर से नवंबर माह तक आयोजित आईसीटी चैंपियनशिप : झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव-2025 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने दीप प्रज्वलन के साथ की।
उपायुक्त ने कहा कि आज आईसीटी जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है। सुबह जगने से लेकर रात तक व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और इंटरनेट पर निर्भर है। एक दशक पहले जहां इंटरनेट महंगा और सीमित था, वहीं आज शिक्षा, मनोरंजन और दैनिक कार्यों के लिए इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अच्छे और बुरे कंटेंट की पहचान पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर मौजूद असीमित सामग्री में से उपयोगी और अनउपयोगी का चयन करना बेहद जरूरी है। छात्र-छात्राओं को समय का सदुपयोग कर इंटरनेट का इस्तेमाल सीखने और ज्ञान बढ़ाने में करना चाहिए। उन्होंने बताया कि लगातार सोशल मीडिया रील्स देखने से मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, इसलिए इंटरनेट का संतुलित और उद्देश्यपूर्ण उपयोग आवश्यक है। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति तभी पूर्ण रूप से स्वस्थ माना जाएगा जब वह शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से संतुलित हो।
सफलता पर बात करते हुए उपायुक्त ने कहा कि परिस्थितियों को दोष देने के बजाय उनसे सामंजस्य स्थापित कर लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। जीवन में मिलने वाले अवसरों का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है।
समारोह में जिला स्तर पर चयनित आठ छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार सहित शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
