Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा स्टेशन से मुक्ति धाम की सड़क बदहाल,

By Team orangehindi

General
लोहरदगा स्टेशन से मुक्ति धाम की सड़क बदहाल,

बारिश में जलजमाव से बढ़ा दुर्घटना का खतरा

लोहरदगा। लोहरदगा रेलवे स्टेशन से मुक्ति धाम तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी जमा हो जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। रामपुर-भस्को सहित आसपास के ग्रामीण इसी सड़क का नियमित रूप से इस्तेमाल करते हैं। वहीं, के के एम विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी खराब सड़क के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की स्थिति बरसात में और खराब हो जाती है। कई स्थानों पर सड़क की सतह पूरी तरह उखड़ चुकी है और गड्ढों में जलजमाव हो रहा है। पानी और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढों के कारण राहगीरों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी होती रहती हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की समय-समय पर मरम्मत कराई जाती है, लेकिन बरसात के दौरान स्थिति फिर बिगड़ जाती है। उनका कहना है कि केवल गड्ढों की अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क का टिकाऊ निर्माण कराया जाना जरूरी है, ताकि बार-बार होने वाली परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का स्थल निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण या स्थायी मरम्मत होने से रामपुर-भस्को समेत आसपास के लोगों, विद्यार्थियों और अन्य राहगीरों को आवागमन में राहत मिलेगी।

और पढ़ें