सड़क बदहाल, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले के सदर प्रखंड से सटे ओयना–बक्शी–गुड़गामा को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। संत स्तानिस्लास हाई स्कूल के बगल से होकर जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। प्रतिदिन इस रास्ते से सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं, साथ ही पतरा टोली सहित आसपास के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का भी आवागमन इसी मार्ग से होता है।
सड़क पर बने गड्ढों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। कई बार साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं गड्ढों में फिसलकर घायल हो जाते हैं। इसी मार्ग से आगे ओयना टोंगरी को जोड़ने वाली सड़क की हालत भी इतनी खराब है कि सड़क पर सिर्फ पत्थर ही नजर आते हैं। वाहन चालकों को सफर के दौरान लगातार झटके लगते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस सड़क के खराब होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे वाहन चालक अक्सर फिसलकर चोटिल हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों को परेशानी से निजात मिल सके।
