महिला संवाद कार्यक्रम में गूंजा नारा भीख नहीं, सुरक्षा, रोजगार और पूंजी चाहिए
By Team Lohardaga live

महिलाओं ने कहा अब समय है संगठित होकर हक की लड़ाई लड़ने का
लोहरदगा। झारखंड नवनिर्माण दल से जुड़ी महिला मंडल सहयोग संचालन समिति, लोहरदगा के तत्वावधान में रविवार को समाहरणालय मैदान स्थित लिप्टस बगीचा के पास महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किरण टोप्पो ने की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रभारी सह झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं की सुरक्षा, शोषण रोकथाम और बेरोजगारी के मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है। आज महिलाओं को भीख नहीं, बल्कि सुरक्षा, रोजगार, लोन माफी और व्यवसाय के लिए पूंजी चाहिए।
श्री सिंह ने महिलाओं से अपील की कि वे झारखंड स्तर पर चल रहे नारी जागरूकता अभियान से जुड़ें, अपनी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक दावेदारी को मजबूत बनाएं और रांची में होने वाले आगामी महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।
महिला मंडल की केंद्रीय नेत्री पुष्पा उरांव ने कहा कि जब तक महिलाएं संगठित और जागरूक नहीं होंगी, तब तक भ्रष्ट व्यवस्था में बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने जिले में महिला संगठन के विस्तार और प्रस्तावित मांगों को लेकर संगठित आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में निर्णय लिया गया कि 12 दिसंबर 2025 को लोहरदगा जिला मुख्यालय में महिला मंडल सहयोग संचालन समिति के बैनर तले महिला हुंकार सभा का भव्य आयोजन किया जाएगा। साथ ही जिले के प्रखंडों में नारी जागरूकता अभियान को तेज करते हुए महिला सुरक्षा, रोजगार, लोन माफी और व्यवसाय के लिए पूंजी उपलब्ध कराने जैसी मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश समिति सदस्य आदित्य सिंह, झारखंड नवनिर्माण दल के प्रभारी सोमे उरांव, पूनिदास भगत, भूखा उरांव, बसंती देवी, शिवानी खेरवार, जीतमन खेरवार, ललिता देवी, शाहिदा बीवी, शनिवारो देवी, शबाना खातून, पूनम उरांव, सरिता कुमारी, तेतरी देवी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि अब भीख नहीं, हक चाहिए – सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ जीवन चाहिए।
