Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में फिर गूंजेगा टी20 क्रिकेट का रोमांच, तैयारियां पूरी

By Team Lohardaga live

Sport
प्रेस वार्ता को संबोधित करते धीरज प्रसाद साहू

बलदेव साहू मेमोरियल टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज 10 फरवरी से, 13 फरवरी तक होंगे मुकाबले

बलदेव साहू कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम

लोहरदगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन एवं साहू परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले बलदेव साहू मेमोरियल टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित यह चार दिवसीय टूर्नामेंट 10 फरवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक बीएस कॉलेज परिसर स्थित राज्य स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर रविवार को स्टेडियम परिसर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि यह टूर्नामेंट लोहरदगा में क्रिकेट संस्कृति को और मजबूती देगा। आयोजन को हर स्तर पर भव्य और दर्शक-अनुकूल बनाने की तैयारी की गई है।

9 फरवरी को होगा रंगारंग उद्घाटन समारोह

टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन 9 फरवरी की शाम 5 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में रूसी बैंड की प्रस्तुति, लेजर शो और फायर शो जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं 10 फरवरी की सुबह 9 बजे से क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत होगी। उद्घाटन मैच में भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगी।

आठ टीमें लेंगी हिस्सा, आईपीएल पैटर्न पर होंगे मुकाबले

इस टी20 टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न जिलों से कुल आठ टीमें भाग लेंगी। सभी मुकाबले आईपीएल की तर्ज पर खेले जाएंगे। स्टेडियम को पूरी तरह से सजाया गया है ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को प्रोफेशनल क्रिकेट का माहौल मिल सके।

दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश

आयोजन समिति ने बताया कि सभी मैचों में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। जिले के क्रिकेट प्रेमी बिना किसी शुल्क के स्टेडियम में बैठकर रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। टूर्नामेंट के दौरान राज्य सरकार के कई प्रमुख चेहरों की मौजूदगी को लेकर भी बातचीत चल रही है।

फाइनल में दिखेंगे दिग्गज क्रिकेट सितारे

टूर्नामेंट का समापन 13 फरवरी को किया जाएगा। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग की उपस्थिति कार्यक्रम को और यादगार बनाएगी।

प्रेस वार्ता में क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत, सचिव आलोक राय, वर्किंग प्रेसिडेंट भास्कर दास गुप्ता, आशीष कुमार, सतीश वर्मा, जयजीत चौबे, अमित कुमार, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, बीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशि गुप्ता सहित आयोजन समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।