महावीर चौक पूजा पंडाल में हुआ सिंदूर खेला, महिलाओं ने सुख समृद्धि की कामना की
By Team Lohardaga Live

लोहरदगा जिले में विजयदशमी के अवसर पर महावीर चौक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को लोहरदगा महावीर चौक स्थित पूजा पंडाल में पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया गया। इस मौके पर अग्रवाल समाज की महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक दूसरे को सिंदूर लगाकर पति की लंबी आयु व परिवार में सुख समृद्धि की कामना की।
सिंदूर खेला की परंपरा
सिंदूर खेला की रस्म के दौरान सुहागिन महिलाओ ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे को लगाया। इस परंपरा को बंगाली संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। मान्यता है कि यह आयोजन पति की लंबी आयु, परिवार में सुख-समृद्धि और जीवन में मंगल कामनाओं के लिए किया जाता है।
मां दुर्गा की विदाई
हिंदू मान्यता के अनुसार, विजयदशमी के दिन मां दुर्गा अपने मायके से विदा होकर ससुराल लौटती हैं। इस अवसर पर महिलाएं उन्हें सिंदूर चढ़ाकर वैवाहिक सुख और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगती हैं।
सिंदूर का महत्व
लाल सिंदूर को उर्वरता, शक्ति और समृद्धि का द्योतक माना जाता है। यही कारण है कि सिंदूर खेला महिलाओं के बीच विशेष महत्व रखती है। इस दौरान महिलाओ ने अपनी सहेलियों और परिजनों के मंगल जीवन की कामना की।
सुहागिनों की आस्था
सुहागिन महिलाओं ने मां दुर्गा से पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर महिलाओं ने उत्साह और आस्था के साथ सिंदूर खेला में भाग लिया।
