देवदरिया पंचायत भवन में चोरी का तीन घंटे में खुलासा, दो गिरफ्तार
By Team orangehindi

एलसीडी टीवी, कंप्यूटर यूपीएस समेत चोरी का सामान बरामद; पुलिस ने दर्ज किया मामला
लोहरदगा। जोबांग थाना क्षेत्र के देवदरिया पंचायत भवन के बैठक कक्ष में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब तीन घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया। मामले में पुलिस ने खरचा गांव निवासी प्रीतम लोहरा (20) और विकास सिंह (21) को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर चोरी किए गए एलसीडी टीवी का टूटा स्क्रीन, मदरबोर्ड तथा कंप्यूटर का यूपीएस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह करीब 10:25 बजे देवदरिया पंचायत भवन के बैठक कक्ष का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा एलसीडी टीवी एवं कंप्यूटर का यूपीएस चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी से संबंधित सामान बरामद किया।
पुलिस ने मौके से दीवार से उखाड़ा गया सीपी प्लस कंपनी का कैमरा, इनटेक्स कंपनी का यूपीएस बैटरी, एलसीडी का टूटा स्क्रीन और मदरबोर्ड समेत अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में जोबांग थाना कांड संख्या 04/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी विष्णु रजक, सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार यादव तथा जोबांग थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।