माहवारी पर चुप्पी तोड़ने की जरूरत, जागरूकता से ही होगा स्वस्थ समाज का निर्माण
By Team Lohardaga live

“चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ, माहवारी स्वच्छता पर खुलकर संवाद की अपील
लोहरदगा। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता अनुप हांसदा ने बुधवार को “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ किया। 4 जून तक चलने वाले इस विशेष जागरूकता अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों में माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा माहवारी से जुड़ी सामाजिक झिझक, भ्रांतियों और रूढ़ियों को दूर करना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर कार्यपालक अभियंता अनुप हांसदा ने कहा कि माहवारी महिलाओं के जीवन की एक प्राकृतिक एवं सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, इसलिए इस विषय पर खुलकर चर्चा और संवाद होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज में अब भी माहवारी को लेकर कई तरह की गलत धारणाएं और संकोच मौजूद हैं, जिन्हें जागरूकता के माध्यम से दूर किया जा सकता है।
पुरुषों की भागीदारी भी जरूरी
उन्होंने कहा कि माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े विषय केवल महिलाओं और किशोरियों तक सीमित नहीं हैं। पुरुषों और लड़कों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक सोच विकसित हो तथा महिलाओं और किशोरियों को सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक वातावरण मिल सके।
विद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर
कार्यपालक अभियंता ने विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता विषय पर नियमित चर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पेरेंट्स डे जैसे आयोजनों में माता-पिता दोनों की भागीदारी सुनिश्चित कर इस विषय पर संवाद को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, जिससे परिवार स्तर पर भी जागरूकता का वातावरण तैयार हो सके।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही माहवारी स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, संतुलित पोषण एवं साफ-सफाई से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता, जिला समन्वयक, कनीय अभियंता तथा जिले की जलसहिया दीदियां उपस्थित थीं।
