एक जनवरी से बॉक्साइट ट्रकों के परिचालन पर असर पड़ने की आशंका
By Team Lohardaga live

लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने बैठक कर समस्याओं से प्रशासन और कंपनी को कराया अवगत
लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक एसोसिएशन के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के थाना टोली स्थित आवास साहू सदन में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ट्रक मालिक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत में सर्वसम्मति से वरिष्ठ इंटक नेता एवं समाजसेवी हाजी शकील अंसारी तथा डॉ. लाल अजय नाथ शाहदेव को एसोसिएशन का सह संरक्षक चुना गया।
बैठक में ट्रक मालिकों ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण एसोसिएशन के कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। एसोसिएशन के अनुसार 23 दिसंबर को कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह पर हमला किया गया था तथा पदाधिकारियों को लगातार धमकियां मिलने की बातें सामने आ रही हैं। इस संबंध में उचित जांच की मांग की गई है।
ट्रक मालिकों ने यह भी कहा कि हिंडाल्को कंपनी के एक कर्मचारी राकेश शर्मा उर्फ गोपू के व्यवहार को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ है। एसोसिएशन का कहना है कि नंबर लगाने, ट्रांसफर और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर ट्रक मालिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में बताया गया कि इन मुद्दों को लेकर ट्रक मालिकों ने सैकड़ों की संख्या में हस्ताक्षर कर कंपनी प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र में संबंधित कर्मचारी के स्थानांतरण की मांग की गई है। एसोसिएशन के अनुसार यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो एक जनवरी 2026 से ट्रक परिचालन प्रभावित हो सकता है।
इसके साथ ही ट्रक मालिकों द्वारा पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को भी आवेदन देकर हाल की घटनाओं की निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि ट्रक मालिकों द्वारा उठाए गए विषयों का शांतिपूर्ण और संवाद के माध्यम से समाधान निकलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगा।
नवनियुक्त सह संरक्षक हाजी शकील अंसारी ने कहा कि ट्रक मालिकों को एकजुट रहते हुए अपनी समस्याएं लोकतांत्रिक तरीके से उठानी चाहिए।
डॉ. लाल अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि जिले की शांति और कानून व्यवस्था सभी के लिए महत्वपूर्ण है और किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान बातचीत और नियमों के दायरे में होना चाहिए।
बैठक में कंपनी द्वारा एग्रीमेंट के अनुसार ट्रिप दिए जाने के विषय पर भी चर्चा की गई और इस पर स्पष्टता की मांग करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि निश्चित जायसवाल, समाजसेवी उदय गुप्ता, एसोसिएशन अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, रहमान अंसारी, रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रक ऑनर एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
