Orange hindi lohardaga live

नववर्ष को लेकर लोहरदगा में पर्यटन स्थलों पर रौनक

By Team Lohardaga live

Special
बोटिंग का आनंद लेते सैलानी

नंदनी डैम बना सैलानियों का पसंदीदा ठिकाना

लोहरदगा। जिले में नववर्ष के आगमन को लेकर सैलानियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल इन दिनों गुलजार नजर आ रहे हैं। भंडरा प्रखंड में स्थित नंदनी डैम पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

मनमोहक वादियों, शांत वातावरण और झील के सुरम्य नजारों के बीच बोटिंग का आनंद लेने के लिए नंदनी डैम में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। इस वर्ष परिवारों और युवाओं के लिए बोटिंग का रोमांच विशेष आकर्षण बना हुआ है। हालांकि साल भर सैलानी यहां आते रहते हैं, लेकिन क्रिसमस से लेकर नववर्ष तक पर्यटकों की संख्या में कई गुना इजाफा हो जाता है।

झारखंड के विभिन्न जिलों से लोग पिकनिक और छुट्टियां बिताने के लिए नंदनी डैम को अपनी पहली पसंद बना रहे हैं। बोटिंग की सुविधा उपलब्ध होने से सैलानियों में उत्साह और बढ़ गया है। पर्यटकों का कहना है कि यहां आकर उन्हें नई ऊर्जा का अनुभव होता है। प्राकृतिक सुंदरता, झील का विस्तृत दृश्य और बोटिंग के दौरान मिलने वाला रोमांच उन्हें बार-बार इस स्थान की ओर खींच लाता है।

जिला प्रशासन द्वारा नंदनी डैम को एक विकसित पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करने के लिए कार्यों में तेजी लाई गई है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। अनुमान है कि पूरे जनवरी माह तक यहां सैलानियों की भीड़ बनी रहेगी।

नववर्ष के स्वागत को लेकर लोगों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। 1 जनवरी को बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने और नए साल का जश्न मनाने नंदनी डैम पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शहर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इस पर्यटन स्थल पर समय बिताने पहुंच रहे हैं।