Orange hindi lohardaga live

झारखंड के अधिकारों से समझौता नहीं, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करेगा झामुमो

By Team orangehindi

political
झारखंड के अधिकारों से समझौता नहीं, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करेगा झामुमो

किस्को प्रखंड मुख्यालय में केंद्र सरकार की नीतियों और महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने साधा निशाना

लोहरदगा| केंद्र सरकार की नीतियों, झारखंड की खनिज संपदा से जुड़े मुद्दों और बढ़ती महंगाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शनिवार को किस्को प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष विनेश कुमार गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद रहे।

धरना को संबोधित करते हुए मोजम्मिल अहमद ने कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर हस्तक्षेप कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकार और जनता के हितों की अनदेखी झामुमो स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से संबंधित कानून को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन को और तेज करेगी।

जिलाध्यक्ष ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई का असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। केंद्र सरकार को अपनी नीतियों की समीक्षा कर आम जनता को राहत देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देश पर लोहरदगा जिले के किस्को, कुड़ू, भंडरा, सेन्हा, कैरो और पेशरार प्रखंड मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित जनविरोधी नीतियों और कानूनों को वापस लेने की मांग की।

मौके पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष साकिर हुसैन अंसारी, इसरार अहमद समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

और पढ़ें