Orange hindi lohardaga live

मानसून सत्र में जनहित के मुद्दों पर हो सार्थक चर्चा, सरकार जवाबदेही तय करे: सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
A

नीट पेपर लीक, महंगाई, इथेनॉल नीति, एसआईआर और राम जन्मभूमि से जुड़े कथित मामले सहित कई मुद्दे उठाने की बात कही

लोहरदगा। संसद के आगामी मानसून सत्र को लेकर लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संसद का सत्र लंबा हो या छोटा, उसका उद्देश्य जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा होना चाहिए तथा सत्र बिना ठोस परिणाम के समाप्त नहीं होना चाहिए।

सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि पूर्व के कई संसदीय सत्रों में सरकार ने विपक्ष के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया और जवाबदेही से बचने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संसद जनता की समस्याओं पर चर्चा का सर्वोच्च मंच है, इसलिए सरकार को विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी इस मानसून सत्र में नीट पेपर लीक, राम जन्मभूमि से जुड़े कथित चोरी के मामले, इथेनॉल नीति, बढ़ती महंगाई तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि महंगाई आज भी आम लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।

एसआईआर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में 23 से अधिक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर संसद में गंभीर चर्चा होनी चाहिए ताकि देशहित में सार्थक निष्कर्ष निकल सके।

सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस संसद में जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि देश की जनता चाहती है कि संसद में उनकी समस्याओं पर चर्चा हो और उसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आए, केवल हंगामे तक सत्र सीमित न रहे।