Orange hindi lohardaga live

बड़की चांपी में तीन दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

By Team Lohardaga Live

Culture
कार्यक्रम का उद्घाटन करते मुख्य अतिथि व अन्य
मुख्य अतिथि के साथ उपस्थित सदस्य

लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की चांपी दुर्गा मंदिर परिसर में तीन दिवसीय भक्ति जागरण सह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन लोहरदगा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, सीओ संतोष उरांव, थाना प्रभारी मनोज कुमार और अन्य अतिथियों ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने कहा कि दुर्गा पूजा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से सरकार और प्रशासनिक गाइडलाइंस के मुताबिक त्योहार की खुशियां मनाने का आग्रह किया और कहा कि किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हुए आपसी भाईचारा कायम कर त्योहार मनाएं। उन्होंने बड़की चांपी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता और उनकी टीम की सराहना की और कहा कि वे अपने पूर्वजों के बताए रास्ते पर चलकर प्रशंसनीय कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य पुजारी अनुप देव पौराणिक के आशीर्वचन से हुई। इसके बाद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बड़की चांपी के स्कूली बच्चों ने मां दुर्गा की आरती और वंदन से कार्यक्रम की शुरुआत की। बच्चों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, रामायण पर आधारित नाटक और लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जिससे अतिथियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान बुके, बैच और माता की चुनरी ओढ़ाकर किया गया। अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय भाषण में सभी अतिथियों का जोशो-खरोश के साथ स्वागत किया और आभार जताया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद थे। बड़की चांपी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, आदित्य गुप्ता और अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं और इस बार का आयोजन और भी भव्य होगा।