मिशन चौक सड़क हादसे में तीन भाई-बहनों की मौत, सांसद सुखदेव भगत ने जताया शोक
By Team Lohardaga live

परिवहन विभाग से शहरी क्षेत्र में वाहनों की गति 20 किमी प्रति घंटा सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग
लोहरदगा। शहर के मिशन चौक पर शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन भाई-बहनों की मौत पर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में बरवाटोली निवासी तीनों भाई-बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही, वर्तमान में जिला से बाहर होने के बावजूद सांसद सुखदेव भगत ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मिशन चौक पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सांसद के निर्देश पर उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने जिला परिवहन पदाधिकारी से बातचीत कर शहरी क्षेत्र के बक्सीडीपा से शंख नदी मोड़ तक भारी एवं अन्य वाहनों की अधिकतम गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में दुर्घटना रोकथाम के लिए लिए गए निर्णयों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
