Orange hindi lohardaga live

डीएवी के तीन विद्यार्थियों ने प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में मारी बाजी

By Team orangehindi

General
डीएवी के तीन विद्यार्थियों ने प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में मारी बाजी

एकल गायन और नृत्य में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बनाई जगह

लोहरदगा। जिला स्तरीय झारखंड विद्यालय प्रतिभा खोज 2026 के तहत आयोजित ‘सुर और ताल संग्राम’ प्रतियोगिता में एमबी डीएवी विद्यालय, लोहरदगा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। एकल गायन और एकल नृत्य प्रतियोगिताओं में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी गायन एवं नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच उपलब्ध कराना था।

एमबी डीएवी विद्यालय के संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक के निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। एकल गायन के सीनियर वर्ग में कक्षा दसवीं के अनंत राज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, जूनियर वर्ग में कक्षा आठवीं की आराध्या मिश्रा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए पहला स्थान हासिल किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की सोनम कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

तीनों सफल प्रतिभागियों को अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही, उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या प्रेरणा शंखधर सहित समस्त विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्राचार्या ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

और पढ़ें