Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में 18 से 20 मई तक होगा जिला राजी पड़हा व्यवस्था का तीन दिवसीय सम्मेलन

By Team Lohardaga live

social
बैठक करते समाज के लोग

आदिवासी धर्म, संस्कृति, भाषा और सामाजिक व्यवस्था पर होगी चर्चा, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

लोहरदगा। जिला राजी पड़हा व्यवस्था लोहरदगा की ओर से 18 से 20 मई 2026 तक सेन्हा प्रखंड के झालजमीरा स्थित जामुन डिपा टाना टोली में तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति, धर्म, भाषा, शिक्षा, सामाजिक व्यवस्था और अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रविवार को झालजमीरा स्थित जामुनडीपा आम बगीचा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सम्मेलन की शुरुआत 18 मई सोमवार को शाम 4 बजे बिशु चढ़ना कार्यक्रम से होगी। वहीं शाम 6 बजे से 7 बजे तक प्रतिभागियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

19 मई मंगलवार को सुबह 10 बजे पाहन द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न सत्रों में परिचय, स्वागत भाषण, विषय प्रवेश, पाहन-पुजार एवं महतो की भूमिका और महत्व, भाषा-लिपि एवं शिक्षा, आदिवासी धर्म, परंपरा और संस्कृति जैसे विषयों पर चर्चा होगी। शाम के सत्र में पड़हा अधिकारियों की व्यवस्था, शादी-विवाह एवं नेगाचार से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था रहेगी।

20 मई बुधवार को अधिकारियों के साथ समन्वय, धार्मिक एवं गैरमजरूआ जमीन से जुड़े मुद्दे, आदिवासी सहयोगी संगठनों का परिचय और आदिवासी कानून व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे और चर्चा के निष्कर्ष एवं निर्णय की घोषणा के साथ सम्मेलन का समापन होगा।

आयोजकों ने बताया कि चर्चा में भाग लेने के इच्छुक लोग अपना नाम और विषय पहले से जमा कर सकते हैं। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों, अधिकारियों और ग्रामीणों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज, धर्म और संस्कृति को मजबूत करना तथा समाज से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सामूहिक पहल को बढ़ावा देना है।

बैठक में जिला राजी पड़हा व्यवस्था के जिला बेल लक्ष्मी नारायण भगत, देवान वीरेंद्र उरांव, कोटवार डोमना उरांव, भंडारी गोसाई भगत, उप बेल बुद्धेश्वर उरांव, उप देवान बजरंग उरांव, उप भंडारी नारायण उरांव, उप कोटवार सुखदेव उरांव, जोंक बेल मंजन उरांव, मीडिया प्रभारी जगदीप भगत, सुरेंद्र उरांव, राजू बाखला, मधुसूदन टाना भगत, बिरी टाना भगत, रंजन उरांव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद थे।