ब्रजपात और सड़क हादसे में तीन मौतें, आलोक साहू ने जताया शोक
By Team orangehindi


सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी और एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
लोहरदगा। जिले में ब्रजपात और सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना के बाद जिला इंटक अध्यक्ष सह सांसद सुखदेव भगत के निजी सचिव आलोक कुमार साहू शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। मृतकों में हेसल डंपिंग यार्ड में कार्यरत मजदूर अयूब अंसारी, आकाशी गांव निवासी कोयली उरांव तथा मुंडो गांव निवासी जीतन साहू शामिल हैं।
अस्पताल पहुंचकर आलोक साहू ने सांसद के स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी के साथ शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने तथा परिजनों को शव ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि तीनों मौतें बेहद दुखद हैं। उनके अनुसार, सरकारी प्रावधानों के तहत सांसद सुखदेव भगत के प्रयास से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने की पहल की जाएगी।
आलोक साहू ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम में हुई देरी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि अयूब अंसारी का शव एक दिन पूर्व शाम करीब चार बजे अस्पताल पहुंच गया था, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इस संबंध में उन्होंने सिविल सर्जन से दूरभाष पर बात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। साहू के अनुसार, चट्टी गांव के एक व्यक्ति को कुत्ते के काटने के बाद अस्पताल में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण बाहर से दवा खरीदनी पड़ी। उन्होंने सिविल सर्जन से अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
इस मौके पर सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, भंडरा सांसद प्रतिनिधि विजय चौहान, कांग्रेस नेता रफीक अंसारी, मुखिया सुरेंद्र उरांव समेत अन्य लोग मौजूद थे।