कैरो मुख्य पथ से हटाए गए तीन सड़क अवरोधक, मिट्टी की भी हुई सफाई
By Team orangehindi

मस्जिद मोड़ के समीप लोगों को मिली राहत, आवागमन सुगम होने की उम्मीद
कैरो। प्रखंड मुख्यालय स्थित कैरो मुख्य चौक के मस्जिद मोड़ के समीप मुख्य पथ पर बने तीन सड़क अवरोधकों को हटाया गया। इसके साथ ही मुख्य पथ से कैरो मस्जिद की ओर जाने वाली सड़क पर जमा मिट्टी की भी सफाई कराई गई। यह पहल पूर्व पंचायत समिति सदस्य, समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेसी शरत कुमार विद्यार्थी के सहयोग से तथा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी की देखरेख में पूरी कराई गई।
बताया गया कि सड़क पर बने अवरोधकों के कारण वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। वहीं, मस्जिद की ओर जाने वाली सड़क पर मिट्टी जमा होने और जलजमाव के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही थी। अवरोधक हटाए जाने और सड़क की सफाई होने से मस्जिद, कैरो मुस्लिम मोहल्ला तथा कुम्हारटोली की ओर आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर शरत कुमार विद्यार्थी ने कहा कि समाजसेवा उनके लिए जुनून है। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहते हैं। अपने स्तर से जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उन्हें दूर करने की हरसंभव पहल की जाती है।
मौके पर बाबूलाल उरांव, मुस्लिम अंसारी, जुबैर अंसारी, संजय महतो, मकसूद खान सहित अन्य लोग मौजूद थे।