Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में पर्यटन को लगेंगे नए पंख: विश्व पर्यावरण दिवस पर सांसद सुखदेव भगत करेंगे जैव विविधता उद्यान का उद्घाटन

By Team Lohardaga live

achievement
A
B

लोहरदगा: जिले के बक्सीडीपा में वन विभाग द्वारा निर्मित अत्याधुनिक जैव विविधता उद्यान (बायोडायवर्सिटी पार्क) पूरी तरह तैयार हो चुका है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इस पार्क का भव्य उद्घाटन लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत द्वारा किया जाएगा। पार्क के उद्घाटन को लेकर वन विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और लगभग सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

वन विभाग ने इस उद्यान का निर्माण पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया है। यह पार्क प्रकृति प्रेमियों, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनने जा रहा है।

मनोरंजन, स्वास्थ्य और प्रकृति का अनूठा संगम

बक्सीडीपा स्थित यह जैव विविधता उद्यान लोगों को प्राकृतिक वातावरण में सुकून के पल बिताने का अवसर प्रदान करेगा। पार्क में मॉर्निंग वॉक और सैर-सपाटे के लिए सुंदर ट्रैक, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए ओपन जिम तथा हरियाली से भरपूर परिसर विकसित किया गया है।

वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए आधुनिक झूले, खेल-कूद के उपकरण और विशेष चिल्ड्रन पार्क की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न प्रजातियों के पौधों और वृक्षों के माध्यम से यह उद्यान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के महत्व के प्रति जागरूक करने का कार्य भी करेगा।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

लोहरदगा वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस पार्क को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की योजना है। इसके विकसित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा लोहरदगा को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

वन परिसर पदाधिकारी किशोरनंद प्रजापति ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित उद्घाटन समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है ताकि आगंतुकों को एक यादगार अनुभव मिल सके।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू होने जा रहा यह जैव विविधता उद्यान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, बल्कि लोहरदगा के पर्यटन विकास की नई कहानी भी लिखेगा।