Orange hindi lohardaga live

ट्रेड टेस्ट से खनिकों में बढ़ेगी सुरक्षा जागरूकता: अजय पांडे

By Team Lohardaga live

General
बैठक के बाद उपस्थित अधिकारीगण

डीजीएमएस चाईबासा प्रक्षेत्र के निर्देशन में 63वां वार्षिक धात्विक खदान सुरक्षा सप्ताह समारोह 2025 की तैयारी पूरी, बगड़ू में 17 खदानों के 120 खान कर्मी लेंगे ट्रेड टेस्ट में हिस्सा

लोहरदगा। भारतीय खान सुरक्षा निदेशालय (डीजीएमएस) चाईबासा प्रक्षेत्र के निर्देशन में 63वां वार्षिक धात्विक खदान सुरक्षा सप्ताह समारोह 2025 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के तहत आयोजित होने वाले ट्रेड टेस्ट को लेकर सोमवार को हिंडालको के महाप्रबंधक (सुरक्षा) अजय पांडे की अध्यक्षता में बगड़ू हिल बॉक्साइट माइंस परिसर में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में आयोजन समिति के संयोजक सह खान प्रबंधक शंभू शरण वशिष्ठ, परीक्षक दल के सदस्य एवं आयोजन समिति के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और तैयारियों की समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक अजय पांडे ने बताया कि डीजीएमएस के निर्देशानुसार हिंडालको हर वर्ष की तरह इस बार भी अपने तकनीकी संसाधनों, अनुभवी खान कर्मियों और विशेषज्ञों के सहयोग से ट्रेड टेस्ट का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, खान प्रभाग लोहरदगा द्वारा संचालित बगड़ू खनन क्षेत्र कार्यालय परिसर में संपन्न होगा।

उन्होंने बताया कि इस बार के ट्रेड टेस्ट में लोहरदगा, गुमला और लातेहार जिलों की 17 बॉक्साइट एवं पत्थर खदानों से लगभग 120 खान कर्मी भाग लेंगे। इनमें ए टू ए, ए टू बी और ए फोर ग्रुप के अंतर्गत माइनिंग मेट, ब्लास्ट फर्स्ट एडर, एचईएमएम ऑपरेटर, मैकेनिक, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन जैसी श्रेणियों के प्रतिभागी शामिल रहेंगे।

अजय पांडे ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य खान कर्मियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डीजीएमएस द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और तकनीकी कौशल में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि हिंडालको सदैव खनन क्षेत्र में सुरक्षा, गुणवत्ता और दक्षता को सर्वोपरि रखता है। ट्रेड टेस्ट के माध्यम से कर्मियों को सुरक्षा मानकों के अनुपालन की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी, जिससे कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

आयोजन की तैयारियों में महाप्रबंधक (सुरक्षा) अजय पांडे, खान प्रबंधक सह संयोजक शंभू शरण वशिष्ठ, सुनील चौधरी, विकास गुप्ता, अभिनव कुमार, भास्कर सिन्हा, मलय पुष्टि, प्रद्युम्न कुमार, कुमारी माधुरी, रानी कुमारी, प्रज्वल साहू, रूपक दुबे, निताई डंडापाट, धर्मेंद्र कुमार, अभय भारती, विवेक सिंह, आशीष कुमार, सुजल सिंह, सौरव आचार्य, दिनेश राम, मनोज द्विवेदी, विशाल त्रिवेदी और उज्जवल मिश्रा समेत हिंडालको टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।