Orange hindi lohardaga live

पारंपरिक आयोजन हमारी झारखंडी पहचान और संस्कृति के प्रतीक: सांसद

By Team Lohardaga live

Culture
सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन करते सांसद व अन्य

लोहरदगा। सदर प्रखंड के मन्हो गांव में नव युवक संघ मन्हो द्वारा छठ पूजा के पावन अवसर पर एक भव्य नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोहरदगा के सांसद श्री सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति ने सांसद का भव्य स्वागत किया। इसके बाद श्री भगत ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नागपुरी भाषा और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का जो प्रयास नव युवक संघ मन्हो द्वारा किया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी झारखंडी पहचान और संस्कृति के प्रतीक हैं, इसलिए इन मेलों को जीवित रखने के लिए हम सभी झारखंडवासियों को आगे आना चाहिए।

उद्घाटन समारोह के पश्चात नागपुरी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत और प्रस्तुतियाँ दीं, जिनका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम को देखने और सुनने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और देर रात तक झारखंडी संस्कृति के रंगों में डूबे रहे।