सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 55 हजार का चालान
By Team orangehindi

नो-पार्किंग, फिटनेस, बीमा और ओवरलोडिंग समेत दस्तावेजों की हुई जांच
लोहरदगा। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू के निर्देशन में चले अभियान में सड़क सुरक्षा टीम भी शामिल रही।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े भारी वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, वाहन की फिटनेस, बीमा, ओवरलोडिंग तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग ने विभिन्न मामलों में कुल 55 हजार रुपये का चालान किया।
परिवहन विभाग की कार्रवाई से सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से भारी वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप रहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू ने वाहन चालकों और वाहन मालिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से भारी वाहनों की पार्किंग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के सघन और औचक वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।