Orange hindi lohardaga live

कुडू में जनजातीय संवाद, आदिवासी समाज की समस्याओं पर अधिकारियों को मिले समाधान के निर्देश

By Team orangehindi

General
कुडू में जनजातीय संवाद, आदिवासी समाज की समस्याओं पर अधिकारियों को मिले समाधान के निर्देश

भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सरना-मसना स्थलों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे

लोहरदगा, 3 अक्टूबर। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST), भारत सरकार की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने शनिवार को कुडू प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रखंड स्तरीय जनजातीय संवाद कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समस्याओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

संवाद के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क व आधारभूत सुविधाओं की कमी, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति सहित कई मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा CNT Act से संबंधित आदिवासी भूमि हस्तांतरण और भूमि विवाद के मामलों, सरना एवं मसना स्थलों के निर्माण व संरक्षण तथा जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

डॉ. आशा लकड़ा ने संबंधित अधिकारियों से उठाए गए मामलों की जानकारी ली और समस्याओं के समयबद्ध एवं विधिसम्मत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय भूमि से जुड़े मामलों में CNT Act के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सरना एवं मसना स्थलों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया।

डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों एवं हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।

मौके पर PD, ITDA सुषमा निलिमा सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, कुडू BDO-सह-CO संतोष उरांव सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सात पंचायतों के मुखिया रामेश्वर लोहरा, ललिता लकड़ा, सुखमनी टोप्पो, ललिता उरांव, दसमती उरांव और राजमुनी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी संवाद में भाग लिया।

और पढ़ें