विश्व आदिवासी दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो को भेंट की गई ‘ट्राइबल हीरो शिबू सोरेन’ पुस्तक
By Team orange hindi

नीरू शांति भगत ने कहा—आदिवासी समाज के संघर्ष और इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी
लोहरदगा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लोहरदगा परिसदन में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो का आगमन हुआ। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी नीरू शांति भगत ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उन्हें ‘ट्राइबल हीरो शिबू सोरेन’ पुस्तक भेंट की।
पुस्तक भेंट करने के दौरान नीरू शांति भगत ने कहा कि ‘ट्राइबल हीरो शिबू सोरेन’ झारखंड के आदिवासी समाज के संघर्ष, अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई को समझने के लिए महत्वपूर्ण पुस्तक है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। उनका जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पुस्तक प्राप्त करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने नीरू शांति भगत के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, पहचान और अधिकारों के संरक्षण का संकल्प लेने का दिन भी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की समृद्ध आदिवासी परंपराओं और इतिहास को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए समाज के महापुरुषों, आंदोलनकारियों और उनके संघर्षों को जानना और समझना महत्वपूर्ण है।
मौके पर झारखंड की आदिवासी संस्कृति, सामाजिक पहचान और अधिकारों को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संघर्ष से जोड़ने को लेकर भी चर्चा हुई।
नीरू शांति भगत ने कहा कि झारखंड के महान आंदोलनकारियों और जननायकों के संघर्ष तथा योगदान को पुस्तकों के माध्यम से समाज तक पहुंचाना आज के समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘ट्राइबल हीरो शिबू सोरेन’ जैसी पुस्तकें युवाओं को झारखंड के इतिहास और आदिवासी समाज के संघर्ष से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं।