कुर्मी समाज को एसटी में शामिल करने के मांग के विरूद्ध लोहरदगा के आदिवासी गोलबंद, हजारों आदिवासियों ने निकाली जनआक्रोश रैली
By Team lohardaga live

जनाक्रोश रैली के पश्चात आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल झारखंड के नाम ज्ञापन उपायुक्त लोहरदगा को सौंपा।

लोहरदगा। आदिवासी छात्र संघ जिला लोहरदगा के नेतृत्व में छः अक्टूबर को जिले के विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों ने आदिवासी जन आक्रोश रैली निकाली। यह रैली कुर्मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) कोटा में शामिल किए जाने की मांग के विरोध में आयोजित की गई।
सोमवार को बलदेव साहू महाविद्यालय लोहरदगा परिसर से शुरू हुई रैली में हजारों की संख्या में आदिवासी युवक-युवतियाँ, महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा और अस्त्र-शस्त्र तथा सरना झंडा के साथ शामिल हुए। रैली शहर के बरवा टोली चौक, अलका सिनेमा, पावरगंज चौक होते हुए कचहरी मोड़ से गुजरकर समाहरणालय मैदान पहुँची, जहाँ यह जनाक्रोश रैली सभा में परिवर्तित हो गई।
आयोजित इस सभा के दौरान आदिवासी छात्र संघ, केंद्रीय सरना समिति, स्वशासन पड़हा व्यवस्था और जिला राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा के नेताओं ने राज्यपाल झारखंड के नाम ज्ञापन उपायुक्त लोहरदगा को सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि किसी भी परिस्थिति में कुर्मी समाज को अनुसूचित जनजाति सूची में शामिल नहीं किया जाए, इसके लिए राज्यपाल से संवैधानिक पहल करने की अपील की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव, जिला अध्यक्ष अवधेश उरांव, महासचिव फूलचंद उरांव, केंद्रीय सरना समिति अध्यक्ष रघु उरांव, सरना प्रार्थना सभा अध्यक्ष सोमदेव उरांव तथा स्वशासन पड़हा व्यवस्था के जिला सचिव जातरू उरांव इत्यादी शामिल थे।
मोके पर सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील उरांव ने कहा झारखंड बनने के बाद से ही आदिवासियों के हक-अधिकार छीनने की साजिश चल रही है। कुर्मी समुदाय का एसटी में शामिल होने का प्रयास उसी साजिश का हिस्सा है। कुर्मी न कभी आदिवासी थे, न हैं और न रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज की सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक स्थिति आदिवासियों से पूरी तरह भिन्न है, और यह प्रयास राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा सभा को महासचिव फूलचंद उरांव, जिला अध्यक्ष अवधेश उरांव, यूथ कांग्रेस नेता अभिनव सिद्धार्थ भगत, रघु उरांव, जातरू उरांव, सोमदेव उरांव, प्रोफेसर वरुण उरांव और पंकज भगत ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में महासचिव फूलचंद उरांव ने सभी प्रतिभागियों, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
