Orange hindi lohardaga live

कचहरी मोड़ के पास आदिवासी मॉडल अखड़ा का उद्घाटन, 41 खोड़हा को बांटे गए मांदर

By Team orangehindi

General
कचहरी मोड़ के पास आदिवासी मॉडल अखड़ा का उद्घाटन, 41 खोड़हा को बांटे गए मांदर
कचहरी मोड़ के पास आदिवासी मॉडल अखड़ा का उद्घाटन, 41 खोड़हा को बांटे गए मांदर

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता की दिशा में पहल

लोहरदगा। शहरी क्षेत्र के कचहरी मोड़ के समीप दरहा देशवाली स्थल में बुधवार को आदिवासी मॉडल अखड़ा का उद्घाटन किया गया। लोहरदगा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं समाजसेवी सह कांग्रेस के युवा नेता रोहित उरांव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अखड़ा का उद्घाटन किया। कार्यक्रम रूढ़िजन्य जनजाति पड़हा सरना प्रार्थना सभा जिला समिति, लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित हुआ।

उद्घाटन समारोह में पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। मांदर की थाप और पारंपरिक स्वागत के बीच आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर समिति की ओर से जिले के 41 खोड़हा को पारंपरिक वाद्य यंत्र मांदर प्रदान किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी भाषा, संस्कृति, परंपरा, नृत्य-संगीत और सामाजिक व्यवस्था से है। अखड़ा सामाजिक संवाद और सामुदायिक एकजुटता का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने पारंपरिक विरासत को संरक्षित रखने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन में अखड़ा का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। मॉडल अखड़ा बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने युवाओं को अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों से जोड़ने की दिशा में ऐसी पहल को जरूरी बताया।

युवा नेता रोहित उरांव ने कहा कि अखड़ा आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यहां सामाजिक विचार-विमर्श के साथ पर्व-त्योहार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने मॉडल अखड़ा के निर्माण को समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

समिति के सदस्यों ने बताया कि अखड़ा का उपयोग सरहुल, करम, सोहराय सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में किया जा सकेगा। 41 खोड़हा को मांदर प्रदान किए जाने से पारंपरिक नृत्य-संगीत को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक गतिविधियों को मजबूत करने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की, अधिवक्ता सच्चिदानंद चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, विशाल डुंगडुंग, निश्चय वर्मा, अमित वर्मा, संदीप साहू, सुधु उरांव, जलेश्वर उरांव, बिरसा उरांव, असलम अंसारी, सोमदेव उरांव, देवंती उरांव, सोमती उरांव, सुनीता उरांव, विजय उरांव, नारायण उरांव, शशिकांत उरांव, मनीष कुजूर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

और पढ़ें