शहीद उधम सिंह की जयंती पर महिला कॉलेज में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
By Team Lohardaga live

छात्राओं और शिक्षकों ने शहीद-ए-आजम के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
लोहरदगा। क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम उधम सिंह की जयंती शुक्रवार को मधुसूदन लाल अग्रवाल महिला कॉलेज परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं छात्राओं ने शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के संस्कृत विभागाध्यक्ष अवध किशोर मिश्रा ने शहीद उधम सिंह के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद दोषियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया और इस संकल्प को पूरा करने के लिए लगभग 21 वर्षों तक चार महादेशों में संघर्षरत रहे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1940 में लंदन के कैक्सटन हॉल में आयोजित एक सभा के दौरान उधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के समय पंजाब के लेफ्टिनेंट गवर्नर रहे माइकल ओ’डायर को गोली मारकर अपने प्रण को पूरा किया।
वक्ताओं ने कहा कि शहीद उधम सिंह स्वयं को राम मोहम्मद सिंह आजाद कहलाना पसंद करते थे, जो भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उनके विचार और आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा, त्याग और बलिदान की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं ने शहीद उधम सिंह के बताए मार्ग पर चलने और देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर कॉलेज की शिक्षिका गीता कुमारी, रुणा कुमारी सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।
