लोहरदगा में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री ने किया झंडोतोलन
By Team Lohardaga live

जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन
लोहरदगा। जिले के बीएस कॉलेज स्टेडियम में जिला प्रशासन की ओर से 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रहीं। उन्होंने झंडोत्तोलन कर परेड की सलामी ली।
समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित जिले के कई वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्यवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से राजनीति के षड्यंत्रों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज देश और राज्य के विकास के लिए जाति-धर्म से ऊपर उठकर देशप्रेमी बनने की आवश्यकता है।
मंत्री ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता के साथ जीने का अधिकार देता है और इसका पालन करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के निर्माण और ड्राफ्टिंग में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो आजादी से पहले से देशहित में कार्य करती रही है।
उन्होंने लोगों से भारत के इतिहास को पढ़ने और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाई जा रही अप्रामाणिक जानकारियों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।



