लुथरन स्कूल और विमेंस कॉलेज में शान से लहराया तिरंगा, सांसद सुखदेव भगत ने किया झंडोत्तोलन
By Team orange hindi



लोहरदगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को लोहरदगा में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह तिरंगा फहराया गया और लोगों ने आजादी के पर्व को उत्साह के साथ मनाया।
शहरी क्षेत्र स्थित लुथरन उच्च विद्यालय और विमेंस कॉलेज में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद मिली है। आजादी की रक्षा करना और देश को आगे बढ़ाने में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। सांसद ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। समारोह में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।