Orange hindi lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत से ट्रक ऑनर एसोसिएशन के सदस्यों ने की मुलाकात

By Team Lohardaga live

Business
सांसद से मुलाकात करते संगठन के सदस्य

सांसद से हिंडाल्को माइंस में व्याप्त समस्याओं के समाधान की मांग की

लोहरदगा। झारखंड पठारी चंदवा लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन की संचालन समिति के सदस्यों ने सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात कर हिंडाल्को द्वारा संचालित विभिन्न माइंस और अनलोडिंग क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

सदस्यों ने सांसद को बताया कि विमरला माइंस की सड़कें अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। कंपनी द्वारा हाल के दिनों में जो मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, वह केवल औपचारिकता मात्र है। ग्रामीणों और रैयतों को माइंस हियरिंग के दौरान कंपनी द्वारा बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, परंतु अब तक वे धरातल पर नहीं उतारे गए हैं।

सदस्यों ने कहा कि माइंस को चालू हुए लगभग दस वर्ष बीत चुके हैं, फिर भी स्थानीय ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क, पानी, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र आदि उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

गुरदारी माइंस से जुड़ी भूमि समस्या को भी सांसद के समक्ष रखा गया। संचालन समिति ने बताया कि गुमला उपायुक्त कार्यालय में भूमि रजिस्ट्री का मामला लंबित है। रजिस्ट्री पूरी हो जाने से ट्रक मालिकों को नियमित ट्रिप मिलने लगेगी और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

सदस्यों ने बताया कि कंपनी वर्तमान में A.B.C. प्रणाली के तहत ट्रिप आवंटन कर रही है, जबकि नियमानुसार A,B प्रणाली लागू होनी चाहिए।

चिरुड़ीह माइंस से संबंधित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया। समिति ने कहा कि कंपनी एवं रेजिंग कॉन्ट्रैक्टर N.K.C.P.L. के स्टाफ द्वारा टोकन और लोडिंग में धांधली की जा रही है। जब A ग्रुप की गाड़ियों की बारी होती है, तब B ग्रुप की पसंदीदा गाड़ियों को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे आम ट्रक मालिकों की गाड़ियां कई दिनों तक खड़ी रह जाती हैं। शिकायत करने पर ड्राइवरों और मालिकों को डराया-धमकाया जाता है।

बैठक में सड़क मरम्मत, अनलोडिंग परिसर की व्यवस्था, सेरंगदाग माइंस की समस्याएं, मजदूरों व चालकों के लिए प्याऊ, कैंटीन व शेड निर्माण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

सदस्यों ने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा CSR फंड का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। फंड के तहत स्कूल, छात्रवृत्ति, कोचिंग सेंटर, वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य होने चाहिए, लेकिन कंपनी इसमें लापरवाही बरत रही है।

सांसद सुखदेव भगत ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही हिंडाल्को के वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल में संचालन समिति के इरशाद अहमद, अनवर अंसारी, पंकज सिंह, सोनम राज गोलू, गोल्डन कुरैशी, असीम अंसारी बबलू, काजू कुरैशी, खुर्शीद आलम, साजिद खान, आसिफ खान, संजू जी, विष्णु गुप्ता, अमजद जी, अबू सुफियान, मोहम्मद मुन्ना, राणा प्रताप सिंह, फिरोज अंसारी, जफर इकबाल और तनवीर अंसारी शामिल थे।