हिंडाल्को कर्मी के खिलाफ ट्रक ऑनर एसोसिएशन का आंदोलन, ट्रांसपोर्ट ठप करने की दी चेतावनी
By Team Lohardaga live

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर हिंडाल्को गेट पर अनिश्चितकालीन धरना, कंपनी प्रबंधन ने दिया आश्वासन
लोहरदगा। हिंडाल्को कंपनी के एक कर्मचारी पर मनमानी और ट्रक मालिकों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए लोहरदगा–गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने आंदोलन की शुरुआत कर दी है। बक्शीडीपा में आयोजित एसोसिएशन की बैठक के बाद पदाधिकारियों और सदस्यों ने कंपनी कार्यालय परिसर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि हिंडाल्को कंपनी एक ओर ट्रकों को नियमित ट्रिप नहीं दे रही है, वहीं दूसरी ओर कंपनी के कर्मचारी राकेश शर्मा उर्फ गोपू द्वारा ट्रक मालिकों को बेवजह केस-मुकदमे में फंसाकर परेशान किया जा रहा है। ट्रक मालिकों का कहना है कि इस रवैये के कारण परिवहन व्यवस्था बाधित हो रही है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों को अलग-अलग बुलाकर धमकी दे रहा है कि एसोसिएशन छोड़ने पर ही ट्रकों का संचालन सुचारू रहेगा, अन्यथा डीटीओ, आरटीओ या थाना के माध्यम से ट्रकों को पकड़वाया जाएगा। ट्रक मालिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारी कंपनी में रहते हुए ठेकेदारी जैसे कार्यों में संलिप्त है और अपने स्वार्थ के लिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।
ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने कंपनी प्रबंधन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर राकेश शर्मा उर्फ गोपू को नहीं हटाया गया तो संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से मिलकर हिंडाल्को गेट के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। साथ ही सभी ट्रकों का परिचालन और माइंस का कार्य पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि ट्रक मालिकों के साथ भेदभाव और दबाव की नीति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार कंपनी प्रबंधन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ट्रक मालिकों में भारी आक्रोश है। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से भी निष्पक्ष हस्तक्षेप की मांग की है ताकि परिवहन व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
आज के प्रदर्शन में लोहरदगा–गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव रहमान अंसारी, मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे। कंपनी की ओर से महाप्रबंधक आर. अंबष्ठा और एचआर हेड चिन्मय दास मौके पर पहुंचे और एक सप्ताह के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं पूरे मामले पर राकेश शर्मा उर्फ गोपू ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
