ट्रक ओनर एसोसिएशन अध्यक्ष ने इंटक विवाद पर दी प्रतिक्रिया
By Team Lohardaga live

कवलजीत सिंह बोले, इंटक से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित, बयानबाजी से पहले स्थिति स्पष्ट करें
लोहरदगा। लोहरदगा–गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने स्वयं को इंटक अध्यक्ष बताए जाने के दावे को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है कि आलोक कुमार साहू खुद को इंटक का अध्यक्ष बता रहे हैं, जबकि इंटक से संबंधित मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है।
कवलजीत सिंह ने कहा कि इस विषय में व्यवहार न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है और हाल ही में दिल्ली न्यायालय में भी मामले की सुनवाई की तारीख निर्धारित हुई थी। ऐसे में किसी भी प्रकार का दावा या सार्वजनिक बयान देने से पहले तथ्यात्मक और कानूनी स्थिति को समझना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इंटक संगठन इस समय दो गुटों में बंटा हुआ है और इस विवाद के समाधान की जिम्मेदारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंपी गई है। ऐसी स्थिति में किसी एक पक्ष द्वारा स्वयं को अध्यक्ष घोषित करना उचित नहीं माना जा सकता।
ट्रक ओनर एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि जिले के मजदूर और ट्रक मालिक संगठनात्मक स्थिति से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाय कानूनी प्रक्रिया और संगठनात्मक निर्णयों की प्रतीक्षा की जानी चाहिए।
कवलजीत सिंह ने अपील की कि इंटक से जुड़े सभी पक्ष संयम बरतें और न्यायालय एवं संगठन के शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का सम्मान करें, ताकि मजदूरों और संबंधित संस्थाओं के बीच किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो।
