हेसल डंपिंग यार्ड में तीन दिन बाद फिर दौड़े ट्रक, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
By Team orangehindi

अयूब अंसारी की वज्रपात से मौत के बाद बंद था परिचालन, धीरज प्रसाद साहू की पहल पर बनी सहमति
लोहरदगा। हेसल डंपिंग यार्ड में वज्रपात की घटना में अनलोड मजदूर अयूब अंसारी की मौत के बाद तीन दिनों से बंद ट्रकों का परिचालन शुक्रवार को पुनः शुरू हो गया। परिचालन बंद रहने से ट्रक मालिकों, चालकों और मजदूरों के समक्ष कामकाज को लेकर परेशानी उत्पन्न हो गई थी। घटना के बाद मजदूरों की सुरक्षा समेत अन्य मुद्दों को लेकर ट्रकों का परिचालन रोक दिया गया था।
मामले को लेकर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने पहल करते हुए छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन, ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन तथा संबंधित पक्षों के साथ बातचीत की। वार्ता के बाद सहमति बनने पर डंपिंग यार्ड में ट्रकों का परिचालन दोबारा शुरू कराया गया।
परिचालन बहाल होने के दौरान छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने कहा कि मजदूरों की मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर प्रबंधन से जल्द वार्ता की जाएगी। उन्होंने डंपिंग यार्ड में एंबुलेंस, शौचालय, पेयजल, मजदूरों के लिए शेड तथा प्रत्येक 15 दिनों में चिकित्सा शिविर की व्यवस्था कराने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी, उपाध्यक्ष एकरामुल अंसारी, कोषाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग, मुस्तफा खलीफा, रुस्तम अंसारी, ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलजीत सिंह, अभय सिंह समेत यूनियन और एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने डंपिंग यार्ड की स्थिति का जायजा लेते हुए परिचालन को व्यवस्थित ढंग से शुरू कराया।
अयूब अंसारी की मौत के बाद मजदूरों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया था। मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। ट्रकों का परिचालन शुरू होने से डंपिंग यार्ड से जुड़े ट्रक मालिकों, चालकों और मजदूरों ने राहत की सांस ली।