Orange hindi lohardaga live

भंडरा में दो बाइक की टक्कर, तीन की मौत, दो गंभीर

By Team Lohardaga live

Accident
घटना के बाद सदर अस्पताल में लोगों की भीड़

लोहरदगा। जिले के भंडरा प्रखंड के कुंदो मैदान के समीप बुधवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा भेजा गया जहां से प्राथमिक उपचार के पश्चात सभी घायलों को सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया गया।

थाना प्रभारी रवी रंजन कुमार ने बताया कि इस घटना में एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दो अन्य ने सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान लोहरदगा निवासी कलाम अंसारी के पुत्र मिज़ान अंसारी, पंडरिया निवासी लालू उरांव के पुत्र मुकेश उरांव और फगुआ उरांव के पुत्र प्रकाश उरांव के रूप में हुई है।

वहीं, जोरी निवासी अबुल अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी और फतलु उरांव के पुत्र गोविंदा उरांव गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है। वही इस घटना से स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।