Orange hindi lohardaga live

एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा में दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का हुआ समापन

By Team Lohardaga live

Education
कार्यशाला में उपस्थित लोग

लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय, लोहरदगा प्रांगण में प्राचार्य जी पी झा के नेतृत्व एवं निर्देशन में सीबीएसई प्रभारी शिक्षक यू सी दास द्वारा सीबीएसई के निर्देशानुसार आयोजित दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

किशोरावस्था के विभिन्न पहलुओं पर हुई चर्चा

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि किशोरावस्था में प्रवेश करने वाले बच्चे शारीरिक, बौद्धिक, मानसिक एवं सामाजिक स्तर पर अनेक परिवर्तनों से गुजरते हैं। इस दौरान उनके नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। ऐसे संवेदनशील समय में बच्चों की उचित देखरेख और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक हो जाता है।

भावनात्मक चुनौतियों और व्यवहारिक समस्याओं पर प्रकाश

प्रशिक्षक मनोज कुमार पांडे एवं एस के झा द्वारा किशोरावस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें भावनात्मक अस्थिरता, मित्रों का प्रभाव, दिखावापन, परिस्थितियों को गलत दृष्टिकोण से देखना, नशे की ओर झुकाव, अभिभावकों की रोक-टोक पर अत्यधिक क्रोध या निराशा जैसी समस्याओं को प्रमुख रूप से रखा गया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेमपूर्वक सही दिशा में मार्गदर्शन देने के प्रभावी उपाय भी सुझाए गए।

सम्मान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य जी पी झा द्वारा दोनों प्रशिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। शांति पाठ के साथ दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन किया गया।