एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा में दो दिवसीय सीबीएसई कार्यशाला की शुरुआत
By Team Lohardaga live

क्षमता संवर्धन कार्यशाला का प्रथम दिवस संपन्न,
लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा के प्रांगण में प्राचार्य जी पी झा के नेतृत्व एवं निर्देशन में सीबीएसई द्वारा निर्देशित दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यशाला शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता, शिक्षण कौशल एवं आधुनिक शैक्षणिक पद्धतियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
शिक्षकों के कौशल विकास पर विशेष जोर
समाज के स्वरूप को गढ़ने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर इस प्रकार की क्षमता संवर्धन कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। विद्यालय में आयोजित यह कार्यशाला शिक्षकों और छात्रों के ज्ञान, कौशल तथा शिक्षण विधियों को उन्नत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसमें नवीन शैक्षणिक पद्धतियां, तनाव प्रबंधन, पाठ्यचर्या योजना और गतिविधि-आधारित शिक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
किशोरावस्था शैक्षिक कार्यक्रम पर दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला के प्रथम दिवस ‘किशोरावस्था शैक्षिक कार्यक्रम’ विषय पर प्रशिक्षक मनोज कुमार पांडे एवं एस के झा द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस विषय के चयन का उद्देश्य किशोरावस्था में विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक परिवर्तनों को समझना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि कई अभिभावक समयाभाव या जानकारी के अभाव में बच्चों को उचित मार्गदर्शन नहीं दे पाते, ऐसे में विद्यालय की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच संचालन शिक्षिका ज्योति पांडे ने किया। संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया, जिसमें कक्षा दसवीं के छात्र आदित्य सहदेव ने तबला वादन कर संगत दी।
संवाद और विचार-विमर्श के साथ समापन
प्रशिक्षण सत्र के दौरान शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ तथा शिक्षण से जुड़े विभिन्न संशयों का समाधान किया गया। कार्यक्रम का समापन धर्म शिक्षक जे मेहर द्वारा शांति पाठ के उच्चारण के साथ किया गया।
