राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सम्पन्न
By Team Lohardaga live

कृषि मैपर के माध्यम से बीज वितरण एवं सरसों की वैज्ञानिक खेती पर विशेष जोर
लोहरदगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एडिबल ऑयल सीड) के अंतर्गत दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को वैल्यू चैन पार्टनर के माध्यम से कृषि मैपर का उपयोग कर बीज वितरण एवं प्रत्यक्षण प्रक्रिया को अपनाने का सुझाव दिया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र की डॉक्टर किरण ने सरसों की वैज्ञानिक खेती के उन्नत तरीकों की जानकारी दी। जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो ने सरसों फसल में लगने वाले प्रमुख रोगों एवं कीटों की पहचान तथा प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कृषि विज्ञान केंद्र के डॉक्टर पंकज कुमार ने सरसों की जैविक एवं वैज्ञानिक खेती पद्धतियों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ बताए। इसके साथ ही किसानों को मृदा स्वास्थ्य, उर्वरता प्रबंधन तथा मिट्टी में पाए जाने वाले आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों के महत्व के बारे में बताया गया। सभी किसानों को सही विधि से मिट्टी का नमूना लेने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम का समापन इंद्रजीत कुमार द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में उप परियोजना निदेशक आत्मा, तकनीकी सहायक तथा 40 किसान उपस्थित रहे।
