Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में दो दिवसीय स्कूल म्यूज़ियम एवं स्टोरीटेलिंग फेस्टिवल कार्यशाला सम्पन्न

By Team Lohardaga live

Education
स्कूल म्यूजियम व स्टोरी टेलिंग फेस्टिवल कार्यक्रम में जानकारी देते

लोहरदगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के मार्गदर्शन में बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत डीआईईटी चिरी, लोहरदगा में आयोजित दो दिवसीय स्कूल म्यूज़ियम एवं स्टोरी टेलिंग फेस्टिवल कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास और अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मोनीदीपा बनर्जी ने किया।

शिक्षा नीति और बहुभाषी शिक्षा पर जोर

उद्घाटन संबोधन में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा एनसीएफ-एफएस के अनुसार बहुभाषी शिक्षा तथा स्थानीय भाषाओं के सांस्कृतिक समावेशन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता को मजबूत किया जा सकता है। साथ ही विद्यालयों में स्कूल म्यूज़ियम की स्थापना विद्यालय और समुदाय के बीच संबंध मजबूत करने, बच्चों में अपनी संस्कृति एवं विरासत के प्रति सम्मान विकसित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रभावी माध्यम हो सकती है।

कार्यशाला में क्या सिखाया गया

कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए ब्लॉक स्तर परीक्षा परीक्षक, क्राइसिस रिसोर्स पर्सन और शिक्षकों को स्कूल स्तर पर स्टोरीटेलिंग फेस्टिवल आयोजित करने का महत्व और प्रक्रिया से अवगत कराया गया। स्थानीय भाषा, संस्कृति और समुदाय आधारित संसाधनों का उपयोग करते हुए संदर्भित स्कूल म्यूज़ियम के निर्माण की अवधारणा पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रशिक्षण में यह बताया गया कि कहानी कहने की पद्धति बच्चों की भाषा विकास, कल्पनाशक्ति तथा बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता को सुदृढ़ करने में सहायक है। वहीँ स्कूल म्यूज़ियम बच्चों को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का प्रभावी शैक्षिक उपकरण बन सकता है।

कार्यशाला का समापन और आगे की योजना

कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और एनसीएफ-एफएस के अनुरूप बहुभाषी शिक्षा के उद्देश्यों पर आधारित रहा। कार्यशाला का संचालन छत्तीसगढ़ से आए वरिष्ठ एमएलई विशेषज्ञ संजय गुलाटी द्वारा किया गया। इस अवसर पर JEPC की राज्य स्तरीय एमएलई टीम की भी उपस्थिति रही।

लोहरदगा जिले में बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए LLF और Hindalco द्वारा जिला शिक्षा विभाग को तकनीकी एवं ज्ञान आधारित सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है।

कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने विद्यालयों में स्टोरीटेलिंग फेस्टिवल आयोजित करने तथा स्कूल म्यूज़ियम की स्थापना हेतु कार्ययोजना तैयार करने का संकल्प लिया, जिससे बच्चों के सीखने के स्तर में गुणात्मक सुधार लाया जा सके।