Orange hindi lohardaga live

नेतृत्व विकास कार्यशाला में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे लोहरदगा के दो प्रधानाध्यापक

By Team orangehindi

General
नेतृत्व विकास कार्यशाला में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे लोहरदगा के दो प्रधानाध्यापक

अलीरजा अंसारी एवं अरुण राम राजधानी एक्सप्रेस से राजस्थान रवाना, झुंझुनू में सीखेंगे विद्यालय नेतृत्व और नवाचार के गुर

लोहरदगा। स्वर्ण पदक प्रमाणित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए राजस्थान के झुंझुनू में आयोजित नेतृत्व क्षमता विकास कार्यशाला में लोहरदगा जिले के दो प्रधानाध्यापक झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। पीएमश्री राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जिंगी के प्रधानाध्यापक अलीरजा अंसारी एवं पीएमश्री राजकीय मध्य विद्यालय, नवाड़ीपाड़ा के प्रधानाध्यापक अरुण राम 16 सितंबर को राजधानी एक्सप्रेस से राजस्थान के लिए रवाना हुए।

राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड के पत्रांक 3386, दिनांक 24 अगस्त 2026 के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह विशेष प्रशिक्षण 16 से 24 सितंबर तक झुंझुनू में चलेगा।

कार्यशाला में विद्यालय नेतृत्व, शैक्षणिक प्रबंधन, प्रभावी प्रशासन, नवाचार आधारित शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम में सुधार सहित विद्यालय विकास की आधुनिक कार्यप्रणालियों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानाध्यापकों को प्रभावी शैक्षणिक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।

दोनों विद्यालयों का स्वर्ण पदक प्रमाणित विद्यालयों की सूची में शामिल होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। उनके चयन से शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार में खुशी है।

अलीरजा अंसारी ने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त नई सीख और नवाचार को विद्यालय में लागू करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं अरुण राम ने कहा कि प्रशिक्षण के अनुभवों का उपयोग विद्यालय नेतृत्व को प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम में सुधार के लिए किया जाएगा।

और पढ़ें