Orange hindi lohardaga live

मैना बगीचा में 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार

By Team orangehindi

General
मैना बगीचा में 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार

उत्तम उरांव और आर्यन भगत को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

लोहरदगा। लोहरदगा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मैना बगीचा चटपटी चौक के समीप से दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से कुल 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। कार्रवाई 20 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे मिली सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मैना बगीचा चटपटी चौक के पास दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री एवं सेवन के लिए मौजूद हैं। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर छापामारी टीम गठित की गई और अंचलाधिकारी, सदर अंचल, लोहरदगा के साथ सूचना का सत्यापन करते हुए कार्रवाई की गई। टीम ने बंद पड़ी दुकान के समीप दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पाया। घेराबंदी कर दोनों को पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान आर्यन भगत उर्फ आर्यनदेव भगत (22), निवासी नदिया, शनि मंदिर के पीछे, लोहरदगा तथा उतम उरांव (22), निवासी घाघरा बस्ती, थाना घाघरा, जिला गुमला, वर्तमान पता नदिया इंडिया गेट के पास, लोहरदगा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आर्यन भगत के पास से पॉलीथीन सहित 10.24 ग्राम तथा उतम उरांव के पास से पॉलीथीन सहित 8.11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। बरामद पदार्थ को जब्त कर दोनों के खिलाफ लोहरदगा थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 20 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) एवं 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुमार, अनुसंधानकर्ता प्रदीप कच्छप, आरक्षी पियूष टोप्पो, नरेश महली सहित तकनीकी शाखा की टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

और पढ़ें