Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, 15 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

By Team Lohardaga live

Crime
आरोपियों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते एसपी

दुपट्टा चौक के पास सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, एसपी सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

लोहरदगा। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद–फरोख्त में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है। जब्त ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लगभग 45 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहरदगा शहर के अंजुमन मोहल्ला निवासी एमडी अरशद अंसारी और लातेहार जिले के करकट निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में युवाओं को टारगेट कर ब्राउन शुगर का कारोबार तेजी से फैल रहा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने शहर के दुपट्टा चौक के समीप घेराबंदी कर यह कार्रवाई की।

एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।