फॉल में डूबने से दो युवकों की मौत, घंटों की तलाश के बाद बरामद हुए दोनों शव
By Pritam

गुरुवार सुबह अपाची बाइक से घूमने निकले थे दोनों युवक, शुक्रवार को झरने के पास मिला सामान, परिवारों में पसरा मातम

लोहरदगा। जिले के जोबांग थाना क्षेत्र स्थित अंवराझरिया योगी फॉल में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार को घंटों तक चले खोज अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा गांव निवासी लाल रितेश नाथ शाहदेव और चतरा जिले के सोहर गांव निवासी रूपेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल से घूमने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर तक घर नहीं लौटने और उनसे संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच शुक्रवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि जोबांग थाना से पहले झरने की ओर जाने वाले रास्ते के किनारे एक मोटरसाइकिल खड़ी है। सूचना मिलते ही परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आसपास तलाश करने पर झरने के पास दोनों युवकों के कपड़े, मोबाइल और अन्य सामान मिले। इसके बाद झरने में उनकी तलाश तेज कर दी गई।
खोज अभियान के दौरान सबसे पहले लाल रितेश नाथ शाहदेव का शव बरामद किया गया। इसके कुछ घंटे बाद रूपेश कुमार सिंह का शव भी झरने से निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर जोबांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।