Orange hindi lohardaga live

जरियों हादसे में दो युवकों की मौत, मुआवजे के बाद सड़क जाम हटा

By Team orangehindi

Accident
जरियों हादसे में दो युवकों की मौत, मुआवजे के बाद सड़क जाम हटा

चांपी से शंख मोड़ तक प्रदर्शन, आधी रात को बनी सहमति प्रत्येक मृतक के परिजन को 1.25 लाख रुपये मुआवजा, अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये देने पर हटा जाम

लोहरदगा। जरियों पुल के समीप सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद मुआवजे और रोजगार की मांग पर ग्रामीण करीब 30 घंटे तक सड़क पर डटे रहे। चांपी से शुरू हुआ जाम शहर के शंख मोड़ तक पहुंचा। हिंडाल्को और बीकेबी कंपनी से मुआवजे तथा मृतकों के आश्रितों को स्थायी रोजगार देने की मांग की गई। प्रशासन और संबंधित पक्षों के साथ वार्ता के बाद आधी रात को सहमति बनी। प्रत्येक मृतक के परिवार को 1.25 लाख रुपये नकद मुआवजा और अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये देने पर जाम हटा।

हादसे में दुबांग बड़की चांपी निवासी जगेश मुंडा (24) और बजरंग मुंडा (22) की जान चली गई। दोनों मोटरसाइकिल से कुजरा बाजार गए थे। लौटने के दौरान जरियों पुल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बजरंग की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जगेश ने रिम्स, रांची ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया।

रोजगार की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण

दोनों युवकों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले चांपी में सड़क जाम किया। मांगों पर सहमति नहीं बनने पर परिजन और समर्थक शव लेकर शंख मोड़ पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हिंडाल्को और बीकेबी कंपनी से उचित मुआवजा देने के साथ मृतकों के आश्रितों को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने मांगें पूरी होने तक इस मार्ग पर हाइवा का परिचालन रोकने की चेतावनी भी दी।

जाम के कारण कचहरी मोड़ से शंख नदी पुल तक ट्रकों की लंबी कतार लग गई। आवागमन बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आठ महीने पहले हुई थी जगेश की शादी

जगेश ओडिशा में ड्राइवर का काम करता था। जितिया पर्व मनाने गांव आया था। आठ महीने पहले उसकी शादी बालूमाथ के बरीखाप में हुई थी। बजरंग गांव में खेती-बाड़ी करता था। उसकी शादी छह महीने पहले रांची के मुरगू में हुई थी। दोनों की असमय मौत से परिवारों में मातम पसरा है।

जनप्रतिनिधियों ने सदर अस्पताल मे उठाई थी सहायता की मांग

सदर अस्पताल में सांसद सुखदेव भगत के प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगू, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव के प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज और पवन तिग्गा समेत अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। साथ ही मृतकों के आश्रितों को उचित सहायता देने और फरार हाइवा चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

जाम स्थल पर डटे रहे अधिकारी

सड़क जाम के दौरान एसडीपीओ सदर, सीओ, एसडीएम कुड़ू तथा कुड़ू और लोहरदगा थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने जाम हटाने के लिए लगातार वार्ता की। देर रात मुआवजे पर सहमति बनने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस दुर्घटना की जांच और फरार हाइवा चालक की तलाश में जुटी है।

और पढ़ें