कुडू से शुरू हुई टीबी मरीजों तक पोषण की नई पहल, 41 मरीजों को मिली पोषण किट
By Team orangehindi

हिंडाल्को सीएसआर जिले के सभी प्रखंडों में 251 इलाजरत टीबी मरीजों को उपलब्ध कराएगा पोषण आहार

लोहरदगा। टीबी उन्मूलन अभियान के तहत पीएम निक्षय मित्र के रूप में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग लोहरदगा की सीएसआर इकाई ने शनिवार को कुडू सीएचसी परिसर में 41 इलाजरत टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया। यह पहल स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिले के सभी प्रखंडों में संचालित की जाएगी।
कार्यक्रम में कुडू सीएचसी के प्रभारी डॉ. सुलामी होरो और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। पोषण किट वितरण से पहले मरीजों और उनके परिजनों को टीबी उन्मूलन अभियान के तहत सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही टीबी के उपचार के दौरान पोषण, नियमित दवा सेवन और निर्धारित अवधि तक इलाज पूरा करने के महत्व को समझाया गया।
हिंडाल्को सीएसआर टीम की ओर से अनन्या डे, भास्कर सिन्हा, भास्कर दास गुप्ता, सुप्रिया और अभय भारती सहित टीबी विभाग की टीम ने जागरूकता सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन हिंडाल्को सीएसआर प्रमुख नीरज कुमार ने किया।
बताया गया कि लोहरदगा जिले में इलाजरत कुल 251 टीबी मरीजों को चिकित्सा सुविधाओं के साथ पोषण सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके तहत हिंडाल्को सीएसआर की ओर से सभी मरीजों को न्यूट्रीशन फूड पैकेट दिए जाएंगे। इससे पहले किस्को और पेशरार प्रखंड में इलाजरत मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई जा रही थी। अब इस पहल का विस्तार जिले के सभी प्रखंडों तक किया गया है, जिसकी शुरुआत कुडू सीएचसी से हुई।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों को टीबी से बचाव और संक्रमण रोकने के उपायों के साथ-साथ संतुलित आहार लेने तथा इलाज के दौरान दवाएं नियमित रूप से लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।