उर्सलाइन बी.एड. कॉलेज में छात्राओं को दी गई मतदाता पंजीकरण की जानकारी
By Team orange hindi

SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची की जांच और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया समझाई गई

लोहरदगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची के दावा-आपत्ति चरण में आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को लोहरदगा के उर्सलाइन बी.एड. कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने छात्राओं को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार, आस-पड़ोस और परिचितों के बीच भी प्रारूप मतदाता सूची की जांच करने तथा पात्र नागरिकों को आवश्यकतानुसार संबंधित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने के लिए जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि ऐसे पात्र नागरिक, जिनकी आयु आगामी 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए 15 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 के माध्यम से घोषणा-पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने वाले नागरिक ECI Net के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं करना चाहते अथवा जिन्हें आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, वे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने छात्राओं से कहा कि वे अपने परिवार और आसपास के ऐसे युवाओं को भी इसकी जानकारी दें, जिनकी आयु निर्धारित तिथि तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में SIR के दावा-आपत्ति चरण से संबंधित जानकारी भी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच कैसे की जा सकती है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो उसके लिए दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है या किसी नाम अथवा विवरण में त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
इस दौरान छात्राओं को विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग और आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं द्वारा मतदाता पंजीकरण और सूची में संशोधन से संबंधित पूछे गए सवालों का भी अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं के मोबाइल फोन में आयोग के मोबाइल एप ECI Net डाउनलोड करवाया। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल एप के उपयोग, इसकी उपयोगिता तथा मतदाता सूची से संबंधित सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से मतदाता सेवाओं को अधिक सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पात्र नागरिक आसानी से अपने मतदाता संबंधी कार्य पूरे कर सकें।
कार्यक्रम में हेल्प डेस्क मैनेजर रिंकी देवी, जसवंत राम एवं अरुण गाड़ी, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शीला सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।