Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में जल्द खुलेगा वाहन फिटनेस सेंटर, एमवीआई की होगी तैनाती: डॉ. रामेश्वर उरांव

By Team Lohardaga live

General
विधायक डॉ रामेश्वर उरांव को समस्याओं से अवगत कराते ट्रक ओनर एसोसिएशन के पदाधिकारी

ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने विधायक से की मुलाकात, फिटनेस प्रक्रिया में आ रही समस्याओं से कराया अवगत

लोहरदगा। लोहरदगा–गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बरवा टोली स्थित विधायक कार्यालय में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि 15 दिसंबर से लोहरदगा जिले में मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) की पदस्थापना नहीं होने के कारण वाहनों की फिटनेस सहित अन्य परिवहन संबंधी कार्य पूरी तरह बाधित हैं। इससे जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं ट्रक मालिकों को भी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।

एसोसिएशन ने बताया कि पूर्व में फिटनेस के लिए ऑनलाइन चालान की सुविधा थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है। परिवहन कार्यालय से जानकारी मिली कि फिटनेस के लिए वाहनों को रांची स्थित फिटनेस सेंटर ले जाना होगा। इस पर एसोसिएशन ने कहा कि लंबी दूरी पर चलने वाले ट्रक तो अन्य जिलों में फिटनेस करा सकते हैं, लेकिन लोहरदगा, गुमला और लातेहार क्षेत्र में चलने वाले करीब 2000 छह-छक्का बॉक्साइट ट्रक केवल माइंस से साइडिंग तक ही चलते हैं। ऐसे में इन ट्रकों को करीब 100 किलोमीटर दूर रांची ले जाना समय और धन दोनों की बर्बादी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने तत्काल परिवहन आयुक्त से दूरभाष पर बात की और कहा कि यह क्षेत्र आर्थिक रूप से पिछड़ा है और ट्रक यहां की लाइफलाइन हैं, इसलिए यहीं फिटनेस सेंटर की व्यवस्था की जाए। परिवहन आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही लोहरदगा में फिटनेस सेंटर खोलने की दिशा में पहल की जाएगी और एमवीआई को भी शीघ्र जिले का प्रभार दिया जाएगा।

इस पहल के लिए ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने विधायक के प्रति आभार जताया। वहीं विधायक ने कहा कि भविष्य में भी किसी तरह की समस्या होने पर वे हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में सह संरक्षक हाजी शकील अंसारी, अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव रोहित अग्रवाल, सचिन मुंद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, मोहम्मद बबलू, मीडिया प्रभारी तारीक खान, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, सहसचिव मुख्तार अंसारी, मोहम्मद मुन्ना, बंटू विश्वकर्मा, विनोद उरांव, मोहम्मद गुड्डू, महेंद्र प्रसाद, बबलू कोयला, मोहम्मद अमानुल्लाह अंसारी, विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, कांग्रेस नेता मोहम्मद दानिश, रौनक अंसारी, एकरामूल अंसारी, विशाल डुंगडुंग सहित अन्य लोग उपस्थित थे।